Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री 21 अगस्त को गुरुग्राम में जेन-ज़ी उद्यमियों के साथ करेंगे सीधा...

मुख्यमंत्री 21 अगस्त को गुरुग्राम में जेन-ज़ी उद्यमियों के साथ करेंगे सीधा संवाद

गुरुग्राम, 20 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-ज़ी उद्यमियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को न केवल स्टार्टअप की स्थापना के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा, बल्कि स्टार्टअप के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग प्राप्त करने सहित अन्य पहलुओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. श्री वीरेंद्र बड़खालसा, डॉ. राज नेहरू, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा, श्री ए.के. सिंह और ओएसडी श्री विवेक कालिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-ज़ी के साथ आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में बिना किसी औपचारिकता के युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर समापन तक वे बिना किसी औपचारिकता के युवाओं के साथ रहना और उनसे बातचीत करना चाहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में 6 मास्टर क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे, जिनमें सफल उद्यमी विशेषज्ञों के रूप में 50-50 बच्चों के समूह को स्टार्टअप की स्थापना और अन्य पहलुओं के बारे में प्रशिक्षण देंगे। वे युवाओं को बताएंगे कि किस प्रकार किसी स्टार्टअप को शून्य से शुरू करके नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद इन युवाओं को एमएसएमई से जोड़ा जाएगा, जहां वे स्टार्टअप के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में एक स्टार्टअप रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां 60 सफल युवा उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के गुर सिखाएंगे। इस दौरान बैंकों द्वारा ऋण संबंधी जानकारी तथा कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा भी युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ‘युवा उद्यमी यात्रा’ के तहत 2 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये बसें गुरुग्राम से चलकर प्रदेश के प्रत्येक जिले में कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, कोचिंग संस्थानों आदि के विद्यार्थियों को स्टार्टअप और उद्यमिता के बारे में जागरूक करेंगी तथा स्टार्टअप शुरू करने वाले विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी विशेष रूप से मदद करेंगी। यह यात्रा दिसंबर तक चलेगी। यात्रा के समापन के बाद दिसंबर में जेन-ज़ी के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें ‘युवा उद्यमी यात्रा’ से लाभान्वित हुए युवा भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘युवा उद्यमी यात्रा’ शुरू होने से पहले ही बसों का रूट निर्धारित कर यात्रा के संबंध में सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों को पहले से सूचित किया जाए। जिस शिक्षण संस्थान में बस पहुंचे, वहां के विद्यार्थियों को भी यह जानकारी दी जाए कि वे अपने स्टार्टअप आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए इस यात्रा से किस प्रकार लाभ उठा सकते हैं। यात्रा से लाभान्वित होने वाले युवाओं का पंजीकरण भी किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी युवा उद्यमी यात्रा का कार्यक्रम आयोजित हो, वहां प्रदर्शनी लगाई जाए, ऋण आदि की जानकारी देने के लिए बैंकों के स्टॉल लगाए जाएं और युवाओं को यह जानकारी भी दी जाए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए वे कहां संपर्क कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक, नई प्रौद्योगिकी और नई सोच का समय है। हमारा युवा वर्ग नौकरी मांगने के बजाय अपना उद्यम स्थापित कर रोजगार पैदा करने की सोच रखता है। युवाओं की इस सोच और उनके सपनों को साकार करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में जेन-ज़ी के साथ आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments