हरियाणा,20 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बदलते मौसम के मद्देनजर स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, कमजोरी, भूख कम लगना, जी मिचलाना, उल्टी और दस्त शामिल हैं। यदि बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके। बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने बताया कि नागरिकों से अपील की गई है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल से ढकें। हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ पौष्टिक भोजन लें। पूरी नींद लें और पर्याप्त आराम करें। बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण होने पर सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें। प्रवक्ता ने बताया कि विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए लोगों को हाथ मिलाने या अन्य संपर्क वाले अभिवादन से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां न लेने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर उचित जांच और उपचार करवाएं। व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें और संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।






