Wednesday, August 26, 2026
HomePatialaघनौर के तीज मेले में नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को...

घनौर के तीज मेले में नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को घेरा, कहा- लोग AAP से नाराज

पटियाला, 22 अगस्त, 2026 (बलजीत सरना): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पटियाला जिले के घनौर में आयोजित तीज मेले में शिरकत की। अनाज मंडी में भाजपा नेता और हलका प्रभारी विकास शर्मा की ओर से आयोजित ‘मेला तीज दियां’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

‘आप’ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी को 5 करोड़ रुपये से जुड़े मामले में नोटिस भेजे जाने के सवाल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी नेता जनता के सामने ईमानदारी की बात करते हैं, लेकिन उनकी सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं।

पंजाब में बी.जे.पी. सरकार बनने का दावा

नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान और मजदूर मौजूदा सरकार के कामकाज से नाराज हैं। उनके अनुसार, व्यापारी वर्ग में भी सरकार के प्रति असंतोष है।

सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग अब चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर करने का अवसर तलाश रहे हैं।

तीज मेले को बताया संस्कृति से जोड़ने का माध्यम

तीज मेले के महत्व पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन विरासत और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध है और इसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने तीज मेले में शामिल लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंजाब की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments