Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaहरियाणा के मुख्यमंत्री ने पटियाला के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव...

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पटियाला के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव में पंजाब की बहनों को आत्मनिर्भरता और नशा मुक्ति का संदेश दिया

हरियाणा , 22 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ चुटकुले सुनाकर अपना समय बिता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान बताएं कि आम आदमी पार्टी ने पिछली विधानसभा चुनावों के दौरान महिलाओं और युवाओं से किए वादों का क्या हुआ?

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का वादा किया था। सरकार को बने करीब पांच साल होने वाले हैं और अब अगले विधानसभा चुनाव भी सिर पर हैं। इसके बावजूद पंजाब के मुख्यमंत्री मंच से महिलाओं से पूछ रहे हैं कि बहन, एक महीने के पैसे खाते में डालूं, दो महीने के या तीन महीने के? उन्होंने सवाल किया कि यह मजाक नहीं तो और क्या है?

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण उद्योग पंजाब से पलायन कर रहा है, जिससे युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। निराश युवा लगातार नशे के दलदल में धंसता जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला जिले के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव में पंजाब की माताओं-बहनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिलाओं को नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को कोथलियां और सूट वितरित किए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला कलाकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल, तीज महोत्सव के संयोजक श्री विकास शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

पिछली बार लोगों को गुमराह कर वोट लिए : सैनी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों को गुमराह करके वोट हासिल कर लिए, लेकिन इस बार पंजाब की जनता, विशेष रूप से माताएं-बहनें पूरी तरह जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि इस बार महिलाएं पंजाब में बदलाव के लिए तैयार हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर पंजाब में भाजपा की सरकार बनाएंगी तथा पंजाब को फिर से खुशहाल बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब का युवा वर्ग भी अब यहां भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुका है।

हरियाणा में महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाएं गिनाईं

श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा में चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये देने का वादा किया गया था और सरकार बनते ही सबसे पहले यह वादा पूरा किया गया। सरकार ने पहले ही बजट में इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया और अब 10 लाख महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये मिल रहे हैं। इसके तहत अब तक महिलाओं के खातों में 2,000 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की रसोई में 500 रुपये में गैस सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। राज्य में सेल्फ हेल्प ग्रुप चलाने वाली महिलाओं को मजबूत करने के लिए 20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्वदेशी मेले आयोजित कर महिलाएं चार दिनों में 4 लाख से लेकर 45 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। इसी तरह गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार के लिए 6,000 रुपये की राशि दी जा रही है। गरीब परिवारों को प्लॉट, मकान और फ्लैटों की चाबियां भी सौंपी जा रही हैं।

पंजाब में भी हरियाणा की योजनाएं लागू करने का संकल्प

उन्होंने कहा कि हरियाणा की इन सभी योजनाओं को पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां के लोगों के लिए भी लागू किया जाएगा। हरियाणा की तरह पंजाब के किसानों की सभी फसलों की खरीद भी एमएसपी पर की जाएगी और आलू सहित अन्य सब्जियों तथा फलों के लिए ‘भावांतर भरपाई योजना’ लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद नशे का कारोबार करने वाले लोग या तो यह काम छोड़ देंगे या पंजाब छोड़ देंगे। हरियाणा की तर्ज पर पंजाब में भी बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी और भर्ती में चल रहे भ्रष्टाचार के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हाल ही में एक्साइज इंस्पेक्टर की भर्ती में पूरी तरह धांधली की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने स्टे का नोटिस तक जारी किया है, क्योंकि इस भर्ती में प्रभावशाली लोगों की सिफारिशों पर नौकरी देकर गरीब युवाओं के साथ धोखा किया गया।

तीज हरियाणा और पंजाब की साझा संस्कृति का प्रतीक

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को तीज की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार केवल सावन की हरियाली और खुशियों का पर्व नहीं है, बल्कि सुहाग, सौभाग्य, प्रेम, श्रद्धा और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का पर्व है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व हरियाणा और पंजाब की साझा संस्कृति, बहनों-बेटियों के प्रेम और दोनों राज्यों की साझा मिट्टी की उस भावना का उत्सव है, जो राज्य की सीमाओं से कहीं बड़ी है।

“बहनों के मायके आने जैसा महसूस कर रहा हूं”

उन्होंने कहा कि घनौर की धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम उन्हें किसी औपचारिक कार्यक्रम के बजाय अपनी बहनों के मायके आने जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पंजाब की संस्कृति के सभी रंग दिखाई दे रहे हैं—चुन्नियों के रंग, मेहंदी की खुशबू, गिद्धे और लोकगीतों की मिठास तथा सावन में झूलती पींगों में पंजाब की उमंग साफ नजर आ रही है।

कोथली की मिठास के साथ विश्वास का संदेश

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज वह अपनी बहनों के बीच भाई बनकर उनके लिए कोथली लेकर आए हैं। इस कोथली में केवल मिठाई नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास, सम्मान की खुशबू और बहनों की खुशहाली की दुआ भी है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह मायके की दहलीज पर भाई का साया बहन के साथ खड़ा रहता है, उसी तरह वह भी हर सुख-दुख में अपनी बहनों के साथ खड़े रहेंगे।

बहनों-बेटियों के सुख, समृद्धि और सम्मान की कामना

मुख्यमंत्री ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को तीज महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज की पींग जितनी ऊंची जाए, घनौर और पंजाब की बेटियों के सपने उससे भी ऊंचे हों। मेहंदी का रंग जितना गहरा हो, पंजाब और हरियाणा के रिश्तों का विश्वास उससे भी गहरा हो।

उन्होंने कहा कि सावन की धरती जितनी हरी हो, घनौर की खुशहाली और पंजाब की समृद्धि उससे भी अधिक हरी-भरी हो। उन्होंने कामना की कि तीज के पवित्र पर्व पर हर बहन-बेटी के जीवन में सुख, सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि आए।

मुख्यमंत्री ने तीज के अवसर पर सभी से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार तीज का झूला केवल आंगन में ही न झूले, बल्कि बेटियों के सपनों, बहनों के हौसले, युवाओं की उम्मीदों, किसानों की मेहनत और खेतों की हरियाली में भी झूले।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments