पातड़ां, 24 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री अभियान के तहत पटियाला जिले के विभिन्न गांवों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है। इसी कड़ी में पातड़ां ब्लॉक के गांव खासपुर और दुताल में बड़ी संख्या में लोगों ने डॉक्यूमेंट्री का लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में तैयार की गई यह डॉक्यूमेंट्री श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन तथा समानता, सामाजिक न्याय, प्रभु भक्ति और सर्व-साझीवालता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अभियान के तहत जिले के प्रत्येक गांव में यह डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी गुरु साहिब की शिक्षाओं और आदर्शों से परिचित हो सके।
डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद गांववासियों ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह श्री गुरु रविदास जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का समानता, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
गांववासियों ने कहा कि इस तरह की पहल नई पीढ़ी को गुरु साहिब के आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक हस्तियां और बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे।






