पटियाला, 26 अगस्त,2026 (बलजीत सरना ): शाही शहर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया का बेहद सादगी भरा अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मेयर बिना किसी सुरक्षा काफिले या सरकारी लाव-लश्कर के अकेले ही स्कूटी पर शहर की सड़कों का जायजा लेते नजर आ रहे हैं। चलती स्कूटी पर शहर की स्थिति का जायजा लेते हुए उनकी यह वीडियो शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्कूटी पर घूमने की वायरल वीडियो के संबंध में बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि लोगों को मिल रही सुविधाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए केवल दफ्तर की कुर्सी पर बैठना काफी नहीं है। उन्होंने बताया कि वह दफ्तर के समय से पहले सुबह या शाम के समय स्वयं अकेले निकलकर शहर की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जमीनी स्थिति को परखना पसंद करते हैं। उनके अनुसार, आम नागरिक की तरह शहर में घूमने से वास्तविक समस्याएं बिना किसी पर्दे के सामने आती हैं।
मेयर ने भावुक होते हुए कहा कि पटियाला के लोग उन्हें केवल मेयर नहीं, बल्कि अपने परिवार का सदस्य और अपना भाई समझते हैं। जब वह बिना किसी प्रोटोकॉल के सड़कों पर निकलते हैं तो लोग बिना किसी झिझक के उनके साथ अपनी समस्याएं साझा करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को साफ-सुथरा, सुंदर और समस्यामुक्त बनाने के लिए वह आगे भी इसी तरह आम लोगों के बीच जाकर उनसे सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।






