फतेहाबाद, 30 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील सैन के फतेहाबाद आगमन पर जिला भाजपा कार्यालय उदय कमल में ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, ओबीसी समाज को भाजपा से जोड़ने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सुनील सैन ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मूलमंत्र देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मेहनत और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर संवाद ही संगठन को मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी स्वयं भी रखनी चाहिए तथा उन्हें आम जनता तक सरल भाषा में पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का दायित्व केवल चुनाव के समय सक्रिय होना नहीं है, बल्कि वर्षभर समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंच बनाएं तथा अधिक से अधिक युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ जोड़ें।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब संगठन का कार्यकर्ता आम व्यक्ति के सुख-दुख में उसके साथ खड़ा रहता है, तो संगठन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष बलदेव सैनी ने कहा कि भाजपा ओबीसी समाज के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा प्रदेश की भाजपा सरकार ने समाज के गरीब, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ओबीसी मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार सक्रियता से कार्य करेगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि ओबीसी मोर्चा का कार्य केवल बैठकें करना नहीं है। मोर्चा का वास्तविक दायित्व समाज के बीच जाकर लोगों से संवाद करना, उनकी समस्याएं सुनना, युवाओं को आगे बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों को सरकार की योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ओबीसी मोर्चा समाज और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा सकता है।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। जाति के नाम पर किसी से दूरी बनाने के बजाय प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना ही संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान प्रदान करना है। ओबीसी समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को विशेष प्रयास करने चाहिए।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि आज के कार्यक्रम में सुरेंद्र आर्य, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, राजपाल बैनीवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र बलियाला, नवीन सैनी ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष चरखीदादरी, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास लालोदा, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री पवन प्रजापति, हवा सिंह, विजय जांगड़ा, मोहन सैनी, सुभाष चंदोरा, दर्शन सिंह फतेहपुरी, चंद्रलाल सोनी, बलजीत सोनी, मोनू सरपंच सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






