धूरी, 01 सितंबर, 2026 (गुरप्रीत सिंह): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पंजाब के गांवों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत धूरी विधानसभा क्षेत्र के गांव धूरी और भोजोवाली को आधुनिक खेल स्टेडियमों की सुविधा मिली है। गांव धूरी में 27 लाख रुपये और गांव भोजोवाली में 31 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए खेल स्टेडियमों का आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने उद्घाटन कर गांववासियों और युवाओं को समर्पित किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा धूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को तेजी से पूरा करवाने के लिए टीम की जिम्मेदारी लगाई गई है और क्षेत्र के लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाने के लिए दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास, नहरी पानी सहित लोगों से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करवाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गांव धूरी में 27 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए खेल स्टेडियम में चारदीवारी, जाली, वॉकिंग ट्रैक और रात के समय खेल गतिविधियों के लिए लाइटों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से गांव के युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
गांव भोजोवाली में खेल स्टेडियम के उद्घाटन के अवसर पर ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने बताया कि यहां 31 लाख रुपये की लागत से खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांवों में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशों से दूर रखना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पंजाब भर में बड़ी संख्या में आधुनिक ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिसके तहत धूरी विधानसभा क्षेत्र में भी युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान केवल खेलों के लिए स्थान नहीं हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम भी हैं।
उन्होंने गांववासियों से अपील की कि वे युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जोड़ें और नवनिर्मित खेल मैदानों की देखभाल में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य गांव स्तर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर पंजाब को खेलों के क्षेत्र में और मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन रछपाल सिंह भुल्लर, डायरेक्टर पंजाब लघु उद्योग अनिल मित्तल, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कंझला, गगन ज्वंधा सहित गांव की पंचायत तथा बड़ी संख्या में गांववासी और युवा मौजूद थे।






