पटियाला, 01 सितंबर, 2026 (अमनदीप सरां): पंजाब सरकार द्वारा राज्य को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “मिशन क्लीन पंजाब” अभियान के तहत आज लगातार तीसरे दिन पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला के गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब के नजदीक स्वच्छता अभियान की अगुवाई की। उन्होंने लोगों को कूड़ा डस्टबिन में डालने और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल, नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया और अतिरिक्त कमिश्नर नगर निगम सिमरप्रीत कौर भी मौजूद थे।
स्वच्छता अभियान के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने स्वयं सफाई कार्यों में हिस्सा लेते हुए लोगों को अपने आसपास की सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए बहुत जरूरी है और सफाई को केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी न समझते हुए प्रत्येक नागरिक को इसमें अपना योगदान देना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और खुले में फेंकने की बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करके पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में प्रत्येक नागरिक अपनी अहम भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में सफाई और पर्यावरण की देखभाल के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही पंजाब को साफ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस अभियान के दौरान शिवालिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। युवा पीढ़ी को पर्यावरण और सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने भी लोगों को आसपास साफ रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का त्याग करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों के इस जज्बे की सराहना करते हुए मंत्री साहिबान और अधिकारियों ने कहा कि जब बच्चे और युवा किसी सामाजिक बदलाव की मुहिम से जुड़ते हैं, तो वह मिशन एक बड़ी जन-लहर का रूप धारण कर लेता है।
इस मौके पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल विरक, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, डिप्टी मेयर जगदीप सिंह जग्गा, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे






