आदमपुर/नलवा, 01 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने बताया कि आदमपुर और नलवा विधानसभा क्षेत्रों में नहरों के माध्यम से पिछले दो वर्षों से निर्धारित रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार सिंचाई के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
श्रीमती चौधरी आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थीं।
सिंचाई मंत्री ने बताया कि आदमपुर और नलवा विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 48 नहरें/चैनल आते हैं। इनमें से बसरा सब माइनर नंबर-II को छोड़कर, जिसके पुनर्निर्माण को सरकार द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है, शेष 47 चैनलों के अंतिम छोर तक स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित जल आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नलवा क्षेत्र में आने वाले 17 चैनल और दोनों विधानसभा क्षेत्रों में साझा 4 चैनल स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार 8 दिन चलने के बाद 16 दिन की नहरबंदी के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं।
वहीं, आदमपुर क्षेत्र में 27 चैनलों को पानी की उपलब्धता के आधार पर 2/3 ग्रुप प्रणाली के तहत संचालित किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत चैनलों को निर्धारित अवधि तक चलाने के बाद 16 दिनों की नहरबंदी की अवधि रखी जाती है।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने स्पष्ट किया कि सरकार उपलब्ध जल संसाधनों के अनुसार स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के माध्यम से नहरों के अंतिम छोर तक निर्धारित मात्रा में पानी पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रही है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए आवश्यक जल उपलब्ध कराया जा सके।






