हरियाणा, 01 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में सभी लोहे के बिजली पोल यानी ट्यूबलर पोल और चैनल पोल को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा अपने खर्च पर पीसीसी पोल से बदला जाएगा। हालांकि, निगम के निर्देशों के अनुसार रेल पोल को निगम के खर्च पर नहीं बदला जाता है।
श्री अनिल विज आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के गुलदेहरा और ठसका मीरांजी गांवों के अंदर कोई एचटी/एलटी लोहे के बिजली पोल नहीं लगे हुए हैं। हालांकि, इन गांवों के बाहरी क्षेत्रों में 11 केवी कृषि फीडरों पर 107 लोहे के पोल चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 16 रेल पोल हैं।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक इन गांवों में लोहे के बिजली पोल से करंट लगने के कारण किसी भी जनहानि की घटना सामने नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि शेष 91 लोहे के बिजली पोलों को निगम द्वारा जनवरी 2027 तक पीसीसी पोल से बदल दिया जाएगा।






