बहालगढ़, 01 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि गांव बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति और गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक श्रीमती कृष्णा गहलावत द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत गांव बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज से जुड़े कार्य 3 साल के भीतर पूरे होने की संभावना है।
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बताया कि गांव में बढ़ती आबादी और इसके शहरी स्वरूप को देखते हुए महाग्राम योजना की तर्ज पर पेयजल आपूर्ति और सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव है।

उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था के लिए एसएमडीए द्वारा जाजल में पहले से मौजूद चार 10 एम.एल.डी क्षमता वाले रैनी वेल के अलावा 10 एम.एल.डी क्षमता वाले पांचवें रैनी वेल को भी मंजूरी दी गई है। गांव बहालगढ़ के अंदरूनी जल वितरण नेटवर्क का प्रबंधन पीएचईडी द्वारा किया जाएगा और पेयजल आपूर्ति की डी.पी.आर तैयार की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि गांव बहालगढ़ ग्राम पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आता है और सीवरेज से संबंधित कार्य पीएचईडी द्वारा किए जाने हैं। इसके लिए एस.टी.पी, सीवर लाइन और संबंधित सीवरेज व्यवस्था की डी.पी.आर. तैयार की जा रही है।






