मोहाली, 01 सितंबर, 2026 (जगदेव रंचना): मोहाली के आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में जारी शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में मंगलवार को फाजिल्का फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जालंधर वॉरियर्स को 8 विकेट से मात दी। जालंधर द्वारा दिए गए 188 रनों के लक्ष्य को फाजिल्का की टीम ने महज 17.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
फाजिल्का की जीत के नायक भारत के अंडर-19 स्टार बल्लेबाज विहान मल्होत्रा रहे। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतकीय पारी खेली और टीम को आसान जीत दिलाई। उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
उद्घाटन मुकाबले में मोहाली किंग्स की रोमांचक जीत
इससे पहले सोमवार रात खेले गए लीग के उद्घाटन मुकाबले में मोहाली किंग्स ने अमृतसर सूरमाज को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अमृतसर सूरमाज ने 19.5 ओवर में 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था, लेकिन मोहाली किंग्स के बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख ही बदल दिया।
अनमोलप्रीत ने महज 51 गेंदों में 133 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उनके इस विस्फोटक प्रदर्शन की बदौलत मोहाली किंग्स ने 19 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
स्टेडियम में दर्शकों की कमी बनी चर्चा का विषय
आईपीएल की तर्ज पर आयोजित की जा रही इस लीग में शानदार क्रिकेट के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों की संख्या आयोजकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। उद्घाटन मुकाबले में कुछ भीड़ देखने को मिली, लेकिन मंगलवार को दिन के मुकाबले के दौरान स्टेडियम के अधिकांश हिस्से खाली नजर आए।
दर्शकों की कमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े नेताओं और पार्षदों को सोशल मीडिया के जरिए मुफ्त टिकट देने की अपील करते हुए लोगों को मैच देखने के लिए आमंत्रित करना पड़ रहा है। ऐसे में बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही इस टी-20 लीग में दर्शकों की बेरुखी भी चर्चा का विषय बन गई है।






