Wednesday, November 4, 2026
HomeSportsभारत की हॉकी में धमाकेदार जीत, दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराकर...

भारत की हॉकी में धमाकेदार जीत, दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

जालंधर, 03 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग):  भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 8-0 के बड़े अंतर से हराकर राउंड रॉबिन लीग चरण में पहला स्थान हासिल कर लिया। जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और कोरियाई टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।

इस मुकाबले में दिलप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, संजय और अंगद बीर सिंह ने एक-एक गोल करके टीम की जीत को यादगार बना दिया।

मैच शुरू होने से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और नीदरलैंड के पूर्व दिग्गज ड्रैग फ्लिकर फ्लोरिस जान बोवलैंडर ने भारत और दक्षिण कोरिया की टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

लीग चरण के अन्य मुकाबलों में जापान ने मलेशिया को 2-1 से हराया। मलेशिया की ओर से अबू कमाल अजराई ने 10वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन जापान के केंटारो फुकुदा ने 24वें और 54वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को जीत दिला दी।

एक अन्य मुकाबले में बांग्लादेश ने चीन को 1-1 की बराबरी पर रोककर सबको चौंका दिया। चीन की ओर से बेनहाई चेन ने दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, जबकि बांग्लादेश के कप्तान अशरफुल इस्लाम ने 38वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया।

लीग चरण के बाद भारत 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। जापान भी 10 अंकों के साथ दूसरे, मलेशिया 9 अंकों के साथ तीसरे और दक्षिण कोरिया 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

अब टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा, जबकि जापान की टीम मलेशिया के सामने चुनौती पेश करेगी। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 4 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को इसी स्टेडियम में आयोजित होगा।

जालंधर में हॉकी मुकाबलों का यादगार समापन, दर्शकों की उमड़ी भारी भीड़

जालंधर के बर्लटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लीग चरण के अंतिम मुकाबले के दौरान हॉकी प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्थानीय निवासियों और खेल प्रशंसकों ने बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के आसपास विभिन्न स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं। इनके माध्यम से स्टेडियम के बाहर मौजूद हजारों लोगों ने भी मुकाबलों का सीधा प्रसारण देखा। जालंधर में आयोजित मुकाबलों को मिले शानदार जनसमर्थन के साथ इस शहर ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन को यादगार विदाई दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments