कुरुक्षेत्र, 02 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के निर्देशानुसार डीएलएसए द्वारा पैनोरमा साइंस सेंटर कुरुक्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम एवं हेल्प डेस्क का आयोजन किया गया। हेल्प डेस्क के माध्यम से आमजन, आगंतुकों एवं अन्य लोगों को विभिन्न कानूनी सेवाओं तथा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का निपटारा आपसी सहमति, सौहार्दपूर्ण वातावरण, कम खर्च तथा शीघ्रता से किया जा सकता है। इसके साथ-साथ मेडिटेशन फॉर दी नेशन कैम्पेन 3.0, सामुदायिक मध्यस्थता कार्यक्रम, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित विशेष लोक अदालत तथा स्थायी लोक अदालत के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को इनके अधिकार क्षेत्र, प्रक्रिया एवं लाभों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवा योजना 2024 तथा बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवा योजना 2024 के संबंध में भी आमजन को जागरूक किया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस दौरान लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण/राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया। हेल्प डेस्क को आमजन की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों द्वारा पूछे गए कानूनी प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक सुलभ, प्रभावी एवं नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाना रहा।






