फतेहगढ़ साहिब, 2 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही खाद्य संबंधी सुविधाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा करने के उद्देश्य से पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने गांव चौरवाला के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल, मिडिल स्मार्ट स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान जसवीर सिंह सेखों ने बच्चों को दी जा रही खाद्य सुविधाओं और मिड-डे मील, स्कूल की रसोई की साफ-सफाई, खाना तैयार करने की प्रक्रिया, इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता, भोजन की मात्रा तथा मिड-डे मील वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्र में मिड-डे मील की व्यवस्था, रसोई के रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था पर संतुष्टि जताई। वहीं कुछ छोटी-मोटी कार्यप्रणाली और स्वच्छता संबंधी कमियों का संज्ञान लेते हुए संबंधित स्कूल प्रमुखों, मिड-डे मील प्रभारियों और आंगनवाड़ी स्टाफ को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
सेखों ने संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि बच्चों को साफ-सुथरा, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। खाना तैयार करने से लेकर उसके वितरण तक स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाली सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।






