कुरुक्षेत्र, 3 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सेक्टर-30 कुरुक्षेत्र में उद्यमिता पखवाड़ा के चलते विषय वित्तीय साक्षरता समय की मांग, नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वित्तीय साक्षरता का अर्थ केवल पैसे कमाना नहीं, बल्कि अपनी कमाई का प्रबंधन करना, समझदारी से बचत करना और सही जगह निवेश करना है। सही वित्तीय ज्ञान से व्यक्ति अपनी आय और व्यय का संतुलन बनाना सीखता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विश्वदीप सेबी ट्रेनर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय साक्षरता वह ज्ञान, कौशल और जागरूकता है, जिसकी मदद से कोई व्यक्ति अपने पैसों, बजट, बचत, निवेश और ऋण का प्रबंधन सही तरीके से कर सकता है। संस्थान के उप प्रधानाचार्य गुरप्रीत सिंह ने विद्यार्थियों से वित्तीय साक्षरता के संबंध में संवाद किया एवं इसके अर्थ स्वरूप धन, बजट, बचत, निवेश और ऋण जैसे वित्तीय मामलों को समझने और उनके बारे में सही व समझदारी से निर्णय लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर परविंदर कुमार, वर्ग अनुदेशक ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक कल्याण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वित्तीय साक्षरता जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में परविंदर कुमार, युवराज शर्मा एवं रवि कुमार सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए किया गया।






