कुरुक्षेत्र,3 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लघु सचिवालय प्रथम तल सभागार में सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को अधिकारी गंभीरता से लेकर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करे। समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी पहुंचते है ताकि प्रत्येक विभाग से संबंधित समस्या का मौके पर ही समाधान संभव हो सके। इसलिए कुरुक्षेत्र के सभी नागरिकों से बार-बार अपील की जा रही है कि समाधान शिविर का फायदा उठाना चाहिए और अपनी हर प्रकार की समस्या का समाधान इस शिविर के माध्यम से करवाना चाहिए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लोगों की हर प्रकार की समस्या का समाधान न्यू लघु सचिवालय में लगने वाले समाधान शिविर में किया जा रहा है। इस शिविर में कोई भी व्यक्ति किसी भी विभाग से सम्बन्धित समस्या रख सकता है। इस समस्या का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाता है। समाधान शिविर के लगने से लोगों को अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के कार्यालयों में चक्कर काटने से भी छुटकारा मिल रहा है। सभी विभागाध्यक्षों को सख्त आदेश दिए गए है कि वे रोजाना निर्धारित शेड्यूल के अनुसार समाधान शिविर में पहुंचेंगे ताकि लोगों की समस्या का मौके पर समाधान संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस विभाग, नगर परिषद, जनस्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, पंचायत विभाग, पेंशन से सम्बन्धित समस्या, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, प्रॉपर्टी आईडी के साथ-साथ अन्य विभागों से सम्बन्धित समस्या भी समाधान शिविर में रख सकते है। समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनका मौके पर ही समाधान भी किया जाएगा। इस मौके पर जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।





