पटियाला, 4 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री स. तरुणप्रीत सिंह सौंद ने आज यहां कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर करवाए जा रहे आयोजनों से संगत में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक माहौल पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी के तहत राज्य भर में 92 विशेष ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं और 10 सितंबर से पटियाला जिले में भी 500 से अधिक ड्रोन हवा में उड़ते हुए श्री गुरु रविदास जी के जीवन एवं बाणी को दर्शाएंगे।
कैबिनेट मंत्री स. सौंद ने जिला प्रशासनिक परिसर में पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल सहित संगरूर, बरनाला और मलेरकोटला जिलों के सिविल एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ड्रोन शो और शोभा यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इन आयोजनों की तैयारियां समय पर पूरी करने और इन्हें सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार श्री दीपक बाली, विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, प्रो. कुलवंत सिंह गज्जणमाजरा एवं कुलवंत सिंह बाजीगर, आम आदमी पार्टी के एस.सी. विंग के प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह जी.पी., प्रदेश महासचिव बलजिंदर सिंह चौंन्दा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
स. सौंद ने डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए कि ड्रोन शो के सभी प्रबंध समय पर पूरे कर अधिक से अधिक संगत की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि सभी प्रबंध समय पर पुख्ता कर सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक करवाए जाएंगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए स. तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि संत-महापुरुषों के मार्गदर्शन एवं सुझावों के अनुसार पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। इनके तहत कीर्तन दरबार, विश्वविद्यालयों में सेमिनार, स्कूल स्तर की प्रतियोगिताएं तथा श्री गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग सभी गांवों में करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि संगरूर में 5 सितंबर से, पटियाला जिले में 10 सितंबर से, मलेरकोटला में 24 सितंबर से और बरनाला में 26 सितंबर से करवाए जाने वाले ड्रोन शो को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 25 से 30 मिनट के विशेष रूप से तैयार किए गए ड्रोन शो में 500 से अधिक ड्रोन एक साथ आसमान में अपनी प्रस्तुति देंगे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शुतराणा विधानसभा क्षेत्र का ड्रोन शो 9 सितंबर को पातड़ां अनाज मंडी में, पटियाला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का 10 सितंबर को अनाज मंडी, सरहिंद रोड में, 11 सितंबर को पटियाला शहरी विधानसभा क्षेत्र का पोलो ग्राउंड में, 12 सितंबर को नाभा विधानसभा क्षेत्र का रिपुदमन कॉलेज में और इसी दिन राजपुरा विधानसभा क्षेत्र का अनाज मंडी राजपुरा में करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से रात के समय आसमान में श्री गुरु रविदास जी की बाणी, जीवन एवं शिक्षाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के महान संदेश से जोड़ा जा सके। इस शो से पहले एक घंटे तक गुरबाणी कीर्तन का गायन होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि महान गुरु साहिबान एवं संत-महापुरुषों से संबंधित ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसरों को समर्पित कार्यक्रम करवाने की सेवा मिल रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम करवाए गए थे और अब श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर के कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। इसके चलते संगत और विशेष रूप से युवा पीढ़ी में काफी उत्साह है।
शोभा यात्राओं के प्रबंधों का जायजा लेते हुए स. सौंद ने बताया कि नवंबर महीने में वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री गुरु रविदास जी से संबंधित पवित्र स्थान खुरालगढ़ साहिब पहुंचकर संपन्न होंगी। उन्होंने बताया कि बठिंडा से शुरू होने वाली शोभा यात्रा रात्रि पड़ाव के दौरान पटियाला में ठहरेगी।
स. सौंद ने कहा कि साल भर चलने वाले इन आयोजनों के समापन अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा दिसंबर महीने में खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के अनुयायी पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम संत समाज के मार्गदर्शन एवं सलाह-मशविरे से तैयार किए गए हैं और पंजाब सरकार द्वारा गुरु साहिब के प्रति पूर्ण श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया जा रहा है।
बैठक में उपस्थित गुरप्रीत सिंह जी.पी. सहित अन्य विधायकों ने विचार-विमर्श में भाग लेते हुए कहा कि ड्रोन शो को बड़ी संख्या में संगत की भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक करवाया जाएगा। पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार श्री दीपक बाली ने कहा कि ये आधुनिक एवं प्रभावशाली ड्रोन शो समूची संगत, विशेष रूप से युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी की बाणी एवं शिक्षाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे। दीपक बाली ने ड्रोन शो संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए किए जाने वाले प्रबंधों के बारे में आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की ओर से कर्नल जे.वी. सिंह, ग्रामीण प्रधान एवं इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विर्क, अमरीक सिंह बंगड़, एस.सी. विंग के जिला अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक सिरसवाल, संगरूर के प्रधान लाभ सिंह धूरी, नगर निगम की कमिश्नर पूजा सियाल, ए.डी.सी. दमनजीत सिंह मान, अनुप्रिता जौहल एवं नवरीत कौर सेखों सहित संगरूर, बरनाला और मलेरकोटला के ए.डी.सी. तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।





