पटियाला, 4 सितंबर, 2026 (अमनदीप सरां): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत युवाओं एवं योग्य नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने, मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने और चुनाव प्रक्रिया के संबंध में अधिक से अधिक जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से माननीय अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-अतिरिक्त उपायुक्त, पटियाला के निर्देशों की पालना करते हुए स्वीप नोडल अधिकारी श्री स्वविंदर रेखी तथा श्री विजय कुमार, चुनाव तहसीलदार पटियाला के नेतृत्व में आज सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों एवं विधानसभा क्षेत्र स्तरीय स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान योग्यता तिथि 01.10.2026 के आधार पर योग्य मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने संबंधी विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के योग्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नए मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के लिए प्रोत्साहित करना है।
बैठक के दौरान शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए कि 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि मानते हुए 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के योग्य विद्यार्थियों के फॉर्म-6 भरवाए जाएं। फॉर्म-6 से संबंधित साप्ताहिक संकलित रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को कार्यालय में भेजने के लिए कहा गया।
इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) की गतिविधियों को सक्रिय करने, ELC के सोशल मीडिया खाते बनाने और मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए कहा गया।
विद्यार्थियों में चुनावी साक्षरता बढ़ाने के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन क्विज, वाद-विवाद, पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन, निबंध प्रतियोगिताएं तथा जागरूकता सत्र आदि आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। नए योग्य मतदाताओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के लिए प्रेरित करने तथा ELC सदस्यों को अपने साथियों एवं समुदाय में चुनावी साक्षरता के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
SIR-2026 के संबंध में जिला स्तर पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय एफएम रेडियो चैनलों, समाचार पत्रों एवं न्यूज पोर्टलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश प्रसारित करने के लिए कहा गया।
इसके साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर बैनर, होर्डिंग, पोस्टर एवं फ्लेक्स बोर्ड लगाकर SIR-2026, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सत्यापन एवं मतदाता सेवाओं संबंधी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
खेल, कला, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के मतदाता जागरूकता संदेश रिकॉर्ड करवाकर आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में कहा गया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर मतदाता जागरूकता कैंप लगाए जाएं। बीएलओ एवं बीएलए के माध्यम से घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा मतदाता पंजीकरण, संशोधन, सत्यापन एवं अन्य मतदाता सेवाओं संबंधी सहायता प्रदान की जाए। गांवों, वार्डों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएं। मतदाता जागरूकता पैंफलेट, पोस्टर एवं IEC सामग्री वितरित करने के साथ-साथ स्थानीय सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल, कला, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से संबंधित एक प्रमुख व्यक्तित्व की पहचान कर उसे जिला स्वीप आइकन के रूप में नियुक्त करने के लिए प्रस्ताव भेजने संबंधी निर्देश भी दिए गए। इस व्यक्तित्व द्वारा किसी भी राजनीतिक पार्टी के पक्ष या विरोध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार नहीं किया जाना चाहिए।
इसके अलावा किसी मतदाता द्वारा वोट कटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 और सुधार के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है। ये सभी फॉर्म संबंधित बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन voters.eci.gov.in पोर्टल पर आवेदन करके जमा किए जा सकते हैं। जिला पटियाला के आठ विधानसभा चुनाव क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 06.09.2026, रविवार को अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर कैंप भी लगाए जाएंगे।
इस संबंध में आम जनता एवं मतदाताओं से विशेष अपील की गई है कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने, हटवाने अथवा किसी प्रकार का संशोधन करवाने के लिए संबंधित फॉर्म भरकर अवश्य जमा करवाएं, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।






