Sunday, September 6, 2026
HomePunjabश्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाना पंजाब...

श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल

लहरागागा/संगरूर, 6 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य में करवाए जा रहे विशेष समागमों की श्रृंखला के तहत आज लहरागागा में 500 ड्रोन का शानदार शो आयोजित किया गया। रात के आसमान में एक साथ उड़ते सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी और शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती हैं। गुरु जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए संदेश दिया कि मनुष्य की महानता उसके जन्म या कुल में नहीं, बल्कि उसके अच्छे कर्मों, उच्च आचरण और मानवता के प्रति समर्पण में है।

श्री गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक वर्ष तक चलने वाले समागमों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। इन समागमों का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब के महान विचारों और मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेश को नई पीढ़ी तक आधुनिक एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की शाश्वत शिक्षाओं और दिव्य संदेश के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित करते हुए पंजाब सरकार द्वारा जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र 10.4 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और इसकी कुल लागत 37 करोड़ रुपये होगी। इसमें से 11 करोड़ रुपये भूमि के लिए और 60 लाख रुपये आवश्यक मंजूरियों के लिए खर्च किए जा चुके हैं, जबकि केंद्र के निर्माण के लिए आवश्यक शेष पूरा खर्च भी पंजाब सरकार द्वारा किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य में 92 विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं। आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से गुरु जी के जीवन, बाणी और शिक्षाओं को रात के आसमान में जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का यह प्रयास युवा पीढ़ी को गुरु साहिब की महान विचारधारा से जोड़ने के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा कि ड्रोन शो के अलावा संत-महापुरुषों के मार्गदर्शन और सुझावों के अनुसार कीर्तन दरबार, विश्वविद्यालयों में सेमिनार, स्कूल स्तर की प्रतियोगिताएं तथा गुरु जी के जीवन, बाणी और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग सहित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि लहरागागा में आयोजित पहले ड्रोन शो के बाद दूसरा ड्रोन शो 6 सितंबर को सरकारी रणबीर कॉलेज, संगरूर में, तीसरा 7 सितंबर को अनाज मंडी, धूरी में और चौथा 8 सितंबर को दिड़बा अनाज मंडी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले के निवासियों से इन अनूठे समागमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

श्री गोयल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी का दर्शन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए समानता, स्वतंत्रता, भाईचारे और सामाजिक एकता का महान संदेश है। उन्होंने कहा कि गुरु जी की शिक्षाओं को केवल समागमों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाना ही गुरु साहिब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने संगत से प्रेम, सम्मान, मेहनत, समानता और मानवता की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एस.डी.एम. राकेश प्रकाश, नगर परिषद की प्रधान कांता गोयल, कैबिनेट मंत्री की धर्मपत्नी सीमा गोयल, पुत्र गौरव गोयल के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments