मियामी, 07 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेजन का एक मालवाहक विमान रनवे से बाहर निकलकर कई वाहनों से जा टकराया और उसमें आग लग गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था। हादसे के बाद विमान में ईंधन रिसाव और भीषण आग के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जबकि कुछ लोग वाहनों में फंसे मिले।
घटना के चलते मियामी एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने हादसे की जांच के लिए टीम भेजने की घोषणा की है। अमेजन ने घटना पर दुख जताते हुए जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।






