Tuesday, September 29, 2026
HomePunjabसंगरूर में 12 और 13 सितंबर को होगी ‘अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस...

संगरूर में 12 और 13 सितंबर को होगी ‘अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस स्टेट लीग (रोड)-2026’; पंजाब की महिला साइकिलिस्ट दिखाएंगी अपनी प्रतिभा: चरणजीत सिंह धालीवाल

संगरूर, 10 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब (सी.ए.पी.) की ओर से महिलाओं को खेलों, विशेष रूप से साइकिलिंग से अधिक से अधिक जोड़ने तथा प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला साइकिलिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस स्टेट लीग (रोड)-2026’ का आयोजन 12 और 13 सितंबर 2026 को जिला संगरूर में किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के अध्यक्ष स. चरणजीत सिंह धालीवाल और महासचिव स. जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि लीग के मुकाबले गांव गग्गड़पुर से घराचों, जिला संगरूर के रूट पर करवाए जाएंगे। दोनों दिन खिलाड़ियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 5:30 बजे रहेगा, जबकि मुकाबले सुबह 6:00 बजे शुरू होंगे।
उन्होंने बताया कि साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन स. ओंकार सिंह और सेक्रेटरी जनरल स. मनिंदरपाल सिंह द्वारा पंजाब में साइकिलिंग को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके लिए साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब उनका आभारी है।
स. चरणजीत सिंह धालीवाल ने कहा कि खेलो इंडिया जैसे प्रयासों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों, विशेष रूप से लड़कियों और महिलाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियों ने साइकिलिंग सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और इस प्रकार के मुकाबले उभरती हुई खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच हैं।
उन्होंने कहा कि साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना ही नहीं, बल्कि पंजाब के गांवों और शहरों से प्रतिभाशाली साइकिलिस्टों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने कहा कि खेलों में महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पंजाब के खेल भविष्य के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है।
इस अवसर पर महासचिव स. जगदीप सिंह काहलों ने लीग के तकनीकी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 12 सितंबर को इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (आई.टी.टी.) के मुकाबले होंगे। इसमें जूनियर गर्ल्स वर्ग के लिए 10 किलोमीटर तथा विमेंस एलीट वर्ग के लिए 20 किलोमीटर की दूरी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को रोड रेस (मास स्टार्ट) करवाई जाएगी, जिसमें जूनियर गर्ल्स वर्ग की खिलाड़ी 20 किलोमीटर, जबकि विमेंस एलीट वर्ग की खिलाड़ी 30 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
स. काहलों ने कहा कि साइकिलिंग एक ऐसी खेल विधा है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, सहनशक्ति, तकनीकी दक्षता, मानसिक मजबूती और निरंतर अभ्यास का विशेष महत्व है। एसोसिएशन का प्रयास है कि पंजाब की प्रतिभाशाली लड़कियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने आगे बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रथम स्थान हासिल करने वाली खिलाड़ी को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी को 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली खिलाड़ी को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
स. धालीवाल और स. काहलों ने कहा कि साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब प्रदेश में महिला साइकिलिंग को एक मजबूत खेल आंदोलन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल महिलाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं। इसलिए परिवारों और खेल संस्थाओं को लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए और अधिक प्रोत्साहित करना चाहिए।
उन्होंने पंजाब भर की पात्र महिला साइकिलिस्टों को इस लीग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस स्टेट लीग’ केवल पदक या पुरस्कार जीतने की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने और खेलों में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है।
रजिस्ट्रेशन और प्रतियोगिता संबंधी अधिक जानकारी के लिए साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के महासचिव जगदीप सिंह (7901964555) तथा वरिष्ठ पदाधिकारी बी.एस. सूदन (9876841086) से संपर्क किया जा सकता है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments