चंडीगढ़, 15 सितंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ी हलचल मच गई जब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चचेरे भाई और 25 वर्षों तक उनके राजनीतिक सचिव रहे मेजर (सेवानिवृत्त) भूपिंदर सिंह ढिल्लों भाजपा में शामिल हो गए। उनके बेटे और सनौर नगर परिषद के अध्यक्ष अमरवीर सिंह बादल ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों का भाजपा में स्वागत किया गया। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी उपस्थित रहे। भाजपा ने इस कदम को पंजाब में अपना जनाधार मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह घटनाक्रम 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हुआ है और इसे अकाली दल के पारंपरिक राजनीतिक प्रभाव वाले वर्ग तक भाजपा की पहुंच बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।






