चंडीगढ़, 15 सितंबर (गुरमीत सिंह तुंग): संगरूर के गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस द्वारा चंडीगढ़ में किया गया प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया जब पार्टी नेता कुलजीत सिंह नागरा मंच पर बेहोश हो गए। पार्टी नेताओं के अनुसार उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद मौके पर चिंता का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें (वाटर कैनन) छोड़ीं। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस ने एम्बुलेंस के कथित तौर पर देर से पहुंचने पर भी आपत्ति जताई।
पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट भी प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने पायलट सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस द्वारा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे और गुलजार सिंह मामले में जवाबदेही की मांग की जा रही है। यह प्रदर्शन पायलट के पंजाब कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद उनकी पहली बड़ी राजनीतिक गतिविधि भी है, जिसे 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की एकजुटता और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।






