फतेहगढ़ साहिब, 19 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): स्वच्छ और साफ-सुथरा वातावरण स्वस्थ समाज की नींव है तथा स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की मुख्य आवश्यकता है। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) श्री सुरिंदर सिंह धालीवाल ने ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’, ‘स्वच्छता में सहभागिता’ और ‘स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ अभियान की जिला प्रशासनिक परिसर से शुरुआत करवाने के अवसर पर कही।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के गांवों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के अलावा सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही घरेलू कचरे की चार प्रकार से छंटाई करने और उसके उचित निपटारे संबंधी आम लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि गांवों को साफ-सुथरा रखने के लिए कूड़े के ढेरों की सफाई करवाई जाएगी। साथ ही गांवों में स्थापित ठोस कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग करने और उनके उचित रखरखाव संबंधी भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी और सहयोग से स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस अवसर पर जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के कार्यकारी अभियंता श्री विशाल पुरी, सभी उप-मंडल अभियंता, जूनियर अभियंता, सोशल स्टाफ, सी.डी.एस., जूनियर अभियंता पर्यावरण, आई.ई.सी. विशेषज्ञ और बी.आर.सी. उपस्थित रहे।






