फाजिल्का/हरियाणा, 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को जनता से किए वादे पूरे न करने को लेकर घेरते हुए कहा कि ‘आप’ पार्टी ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की फसल खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन 5 साल बीत जाने के बावजूद इन वादों को पूरा नहीं किया गया। ‘आप’ पार्टी ने महिलाओं, किसानों और गरीबों के साथ धोखा किया है। यह धोखेबाज सरकार है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव सीतो में आयोजित नशा विरोधी यात्रा—नशा मुक्त पंजाब कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे कि नशे को खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देंगे और पंजाब को रंगला पंजाब बनाएंगे। लेकिन बहुत दुख की बात है कि ये बातें केवल वोट लेने के लिए कही गई थीं। आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में चार गुना नशा बढ़ गया है और चार गुना पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है। यह सोचने वाली बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर एक वीडियो देख रहे थे, जिसमें भगवंत मान कह रहे थे कि पहले कुछ लोग कहते थे कि इन्हें काम का अनुभव नहीं है, लेकिन अब हमें अनुभव हो गया है। श्री नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि मान साहब, आपको नशा बढ़ाने, युवाओं को नशे में फंसाने, प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ाने, पैसा कैसे लूटना है, कहां से लूटना है और फिरौती का पैसा कौन मांगता है—इस बात का अनुभव ‘आप’ पार्टी की सरकार को हो गया है।
राज्य सरकार की नाकामी ने पंजाब को नशे की आग में धकेलने का काम किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं को बचाना और उन्हें संभालना एक चुनौती है। पंजाब, जो कभी अपने वीरों और कुश्ती-कबड्डी के लिए पूरे देश का गौरव हुआ करता था, उसे एक गहरी साजिश और राज्य सरकार की नाकामी के कारण नशे की आग में धकेलने का काम किया गया है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के लोगों की भावनाओं के साथ मजाक किया है। यह सरकार माफ करने योग्य नहीं है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने भी कहा था कि नशे को खत्म करेंगे, भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे और रोजगार देंगे, लेकिन कांग्रेस शासन में भी पंजाब में नशा बढ़ा और नौकरियां नहीं लगीं। कांग्रेस ने जो बातें कही थीं, उन्हें कभी पूरा नहीं किया। दूसरी ओर, चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल मंच से कहते थे कि हम ईमानदार हैं, हमारी पार्टी कट्टर ईमानदार है। 3 से 6 महीने में नशा खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देंगे और किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदेंगे तथा 3 लाख रोजगार देने का काम करेंगे। लेकिन हकीकत से सभी परिचित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ मंच पर बैठकर पंजाब के युवाओं को यह बताना चाहिए कि कितने युवाओं को रोजगार देने का काम किया गया और नशा खत्म करने के लिए क्या किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग केवल चुटकुले सुनाना जानते हैं, काम नहीं करते।

पंजाब के लोगों के सामने झूठ बोलकर अपनी कमियों को छिपाकर फिर से वोट लेने की फिराक में हैं भगवंत मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान ने तारीखों पर तारीखें दीं कि हम नशा खत्म कर देंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। अब एक नया ड्रामा खड़ा करके कहने लगे हैं कि “युद्ध नशे के विरुद्ध”। पंजाब के लोगों के पैसे से टीवी पर विज्ञापन देकर नशा खत्म करना चाहते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर नशे को बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग उनसे आकर मिलते हैं और अपनी पीड़ा बताते हैं कि हम कहां जाएं, कहां जाकर शिकायत करें? हाल ही में देखा गया कि भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र में एक पिता ने अपने बेटे को बचाने के लिए मंत्री के सामने आवाज उठाई तो उसे किस तरह अपमानित किया गया और उसे आत्महत्या करनी पड़ी। पंजाब का यह हाल हो गया है।
उन्होंने कहा कि वह मान साहब का एक वीडियो सुन रहे थे, जिसमें वह कह रहे थे कि उनकी सरकार ने नशे का कारोबार करने वाले 71 हजार लोगों को गिरफ्तार किया है। मान साहब, यह बताएं कि पंजाब की जेलों में केवल 35 हजार लोग ही आ सकते हैं, जबकि आप 71 हजार गिरफ्तारियों की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पंजाब के लोगों के सामने झूठ बोलने और अपनी कमियों को छिपाकर फिर से वोट लेने की कोशिश है।
हरियाणा आगे बढ़ रहा है, पंजाब पीछे क्यों रह गया?
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और पंजाब का रिश्ता छोटे-बड़े भाई जैसा है, लेकिन आज दोनों राज्यों की विकास यात्रा में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा डबल इंजन सरकार के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि पंजाब पीछे रह गया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेताओं से भी पूछा जाना चाहिए कि चुनाव के समय जारी किया गया उनका चुनावी घोषणा-पत्र कहां है और उसमें किए गए वादों में से कितने पूरे हुए हैं? इसके विपरीत, भाजपा सरकार ने हरियाणा में 217 संकल्प लिए और पहले ही वर्ष में 70 संकल्प पूरे कर दिए, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अपने संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है।
पंजाब की सरकार “आम आदमी” की नहीं, बल्कि “खास आदमी” की है
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में विधायकों और मंत्रियों के आसपास घूमने वाले लोगों तथा उनके रिश्तेदारों के बच्चे एक्साइज इंस्पेक्टर लग गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बच्चे एक्साइज इंस्पेक्टर बने, जिन्होंने दो फॉर्म भरे, दो केंद्रों पर एक ही समय में उनकी परीक्षा हुई और वे दोनों परीक्षा केंद्रों में पास भी हो गए तथा दोनों केंद्रों से एक्साइज इंस्पेक्टर लग गए—पंजाब में सरकारी भर्तियों का यह हाल है।
मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने आम आदमी के साथ धोखा किया है। ये “आम आदमी” नहीं, बल्कि “खास आदमी” हैं। पंजाब की जनता को इस बात को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले वर्षों के दौरान दो लाख से अधिक युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी गई है। हाल ही में आए एक भर्ती परिणाम में अकेले पुनहाना क्षेत्र के 29 युवाओं के चयन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी युवा को नौकरी पाने के लिए किसी राजनीतिक व्यक्ति की सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं पड़ी। यह अच्छे शासन और पारदर्शी भर्ती प्रणाली का प्रमाण है।
हरियाणा में महिलाओं के खातों में 2,000 करोड़ से अधिक की राशि डाली गई, पंजाब में महिलाओं से किया वादा पूरा नहीं हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था और इस संकल्प को सरकार ने जमीन पर उतारने का काम किया है। अब सरकार ने महिलाओं के खातों में 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाने का काम किया है। जबकि पंजाब में भी ‘आप’ पार्टी ने महिलाओं को 1 हजार रुपये प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोग चुटकुले नहीं सुनना चाहते, लोग काम की बात सुनना चाहते हैं।
हरियाणा सरकार ने ‘डंकी रूट’ के जरिए युवाओं को विदेश भेजने वालों के खिलाफ बनाया सख्त कानून
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। हरियाणा सरकार ने गैर-कानूनी ‘डंकी रूट’ के जरिए युवाओं को विदेश भेजने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया है और कार्रवाई भी की है। वहीं, विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार के सुरक्षित और पारदर्शी अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
कंपनियों की जरूरत के अनुसार रिक्तियां प्राप्त की जाती हैं, युवाओं के इंटरव्यू करवाए जाते हैं और विदेश जाने वाले प्रत्येक युवा का रिकॉर्ड सरकार के पास रहता है। उन्होंने कहा कि विदेश में किसी युवा को कोई समस्या आने पर हरियाणा सरकार उसकी मदद करती है। सरकार का काम युवाओं को सही रास्ता दिखाना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है।

पंजाब में भाजपा सरकार बनी तो नशे पर होगी निर्णायक कार्रवाई
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी पंजाब के युवाओं का भविष्य खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के लिए हरियाणा में मैराथन, साइक्लोथॉन और राहगीरी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों युवाओं को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जागरूक और स्वस्थ रहेंगे तो नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की गारंटी भाजपा है, नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गारंटी भाजपा है और पंजाब के युवाओं को सुरक्षित भविष्य तथा रोजगार देने की गारंटी भी भाजपा है। उन्होंने पंजाब की जनता से आने वाले समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम हरियाणा में पूरे किए गए हैं, वे सभी काम पंजाब में भी किए जाएंगे और पंजाब के किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।





