फतेहगढ़ साहिब, 21 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के दौरान जिले के विभिन्न गांवों की सार्वजनिक जगहों, स्कूलों, धर्मशालाओं, पंचायत घरों, कम्युनिटी सेंटरों, जल आपूर्ति योजनाओं, ठोस कचरा प्रबंधन स्थलों, तालाबों आदि की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह जानकारी कार्यकारी अभियंता श्री विशाल पुरी ने दी।
श्री विशाल पुरी ने बताया कि सफाई अभियान में गांवों के आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया। स्कूलों के बच्चों को घरेलू कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करने संबंधी जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक अमलोह के गांव नूरपुरा में कम्युनिटी सेंटर की सफाई, गांव काहनपुर में तालाब के आसपास की सफाई, ब्लॉक बस्सी पठाना के गांव खलसपुर में जल आपूर्ति योजना और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तथा गांव महदूदां में कूड़े के ढेरों की सफाई करवाई गई।

इसी तरह ब्लॉक सरहिंद के गांव चनालों में ठोस कचरा प्रबंधन स्थल के आसपास सफाई, स्कूल की सफाई और बच्चों को जागरूकता संदेश दिया गया। ब्लॉक खमाणों के गांव में धार्मिक स्थलों की सफाई करवाई गई।
ब्लॉक खेड़ा के गांव बलाहड़ा में कूड़ा डालने वाले स्थानों की सफाई करवाई गई। इन गतिविधियों को सफलतापूर्वक करवाने में जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन मंडल कार्यालय के सोशल स्टाफ हरप्रीत कौर, बलजिंदर कौर, दलजीत कौर, दलवारा सिंह, प्रदीप कुमार, अमित कुमार तथा ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर मनदीप सिंह ने सहयोग दिया।
इस दौरान गांवों के निवासियों को अपने आसपास का वातावरण साफ-सुथरा रखने के लिए स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। आम लोगों को घरेलू स्तर पर कचरे को अलग-अलग करने तथा स्वच्छता बनाए रखने संबंधी जागरूक किया गया।






