पटियाला, 22 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पटियाला के माता श्री काली देवी मंदिर में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक असू के नवरात्रों एवं दुर्गा अष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को लेकर तैयारियों सहित अन्य सभी प्रबंध युद्ध स्तर पर जारी हैं। इन प्रबंधों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने ए.डी.सी. अनुप्रिता जौहल सहित मंदिर की एडवाइजरी कमेटी के सदस्यों सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला और डॉ. राज कुमार गुप्ता के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
डिप्टी कमिश्नर ने इस त्योहार के दौरान दूर-दराज से मंदिर में नतमस्तक होने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, जिसमें दिव्यांग श्रद्धालु भी शामिल हैं, की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था सहित लंगर व भंडारे, पीने के पानी, बाथरूम, साफ-सफाई, सजावट आदि के प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर तरह के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आमद को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग सहित यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है।
मंदिर की उच्च स्तरीय एडवाइजरी कमेटी के सदस्य डॉ. राज कुमार गुप्ता ने बताया कि शारदीय नवरात्रि असू माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से 11 अक्टूबर को शुरू हो रहे हैं और इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से आराधना की जाती है। इसके मद्देनजर व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं।
कमेटी सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया ने बताया कि इस पवित्र, प्राचीन एवं ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर की पूरी दुनिया में महानता एवं मान्यता है। इसलिए नवरात्रों के पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
श्री अलीपुरिया ने बैठक के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी विनम्रता से अपनी सेवाएं निभाएं तथा प्रत्येक श्रद्धालु को प्रेमपूर्वक मंदिर के अंदर-बाहर और माता के भवन में आगे बढ़ाएं, ताकि भीड़ को उचित ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
कमेटी सदस्य संजय सिंगला ने बताया कि नवरात्रों के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे हवन शुरू होगा, जिसके लिए आम श्रद्धालु बुकिंग करवा सकते हैं। इस दौरान मंदिर के वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बनाने के लिए मंत्रों का उच्चारण जारी रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को पवित्र एवं आध्यात्मिक वातावरण प्राप्त होगा। इसी प्रकार लंगर की बुकिंग भी करवाई जा सकती है।
बैठक के दौरान डी.एस.पी. संजीव सिंगला, अतिरिक्त मंडल फायर ब्रिगेड अधिकारी हरिंदरपाल सिंह, मंदिर सहायक सुपरवाइजर नवनीत टंडन सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य विभागों के बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित थे।






