नई दिल्ली, 24 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब फिल्म से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
जारी किए गए पोस्टर में रणबीर कपूर एक कार ड्राइव करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आंखों पर चश्मा लगाया हुआ है और उनका लुक काफी गंभीर और इंटेंस नजर आ रहा है। पोस्टर की सबसे ज्यादा चर्चा उनके खून से सने हाथ को लेकर हो रही है, जिसने फिल्म की कहानी और उनके किरदार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
भंसाली की फिल्म में पहली बार दिखेगा ऐसा अंदाज
रणबीर कपूर का यह अवतार उनके पिछले किरदारों से काफी अलग दिखाई दे रहा है। फर्स्ट लुक में उनका अंदाज रहस्यमयी होने के साथ-साथ दमदार भी नजर आता है। पोस्टर सामने आने के बाद दर्शक फिल्म में उनके किरदार को लेकर कयास लगाने लगे हैं।
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के साथ विक्की कौशल और आलिया भट्ट भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। रणबीर और आलिया की जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का मौका दर्शकों को मिलेगा।
फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि इसे एक रोमांटिक वॉर ड्रामा बताया जा रहा है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होने के लिए निर्धारित है।






