नई दिल्ली, 24 सितंबर,2026 (जगजीत सिंह): एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों के लिए पांचवां दिन मिश्रित परिणामों वाला रहा। परवीन ने महिला 65 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर पदक की ओर मजबूत कदम बढ़ाया, जबकि साक्षी चौधरी और सुमित को अपने-अपने मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। महिला 65 किग्रा वर्ग में परवीन को तजाकिस्तान की मलिका नोजिमोवा के खिलाफ वॉकओवर मिला। इसके साथ ही उन्होंने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुक्केबाजी में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी का पदक सुनिश्चित हो जाता है, ऐसे में परवीन अब पदक पक्का करने से केवल एक जीत दूर हैं। महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में भारत की साक्षी चौधरी को कजाखस्तान की अलुआ बाल्कीबेकोवा के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की 26 वर्षीय साक्षी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन एशियन गेम्स में वह अपने प्रदर्शन को आगे नहीं बढ़ा सकीं।
पहले दौर में बाल्कीबेकोवा ने 3-2 की बढ़त बनाई। दूसरे दौर में साक्षी ने आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन कजाखस्तान की मुक्केबाज ने फिर 3-2 से बढ़त बरकरार रखी। अंतिम दौर में साक्षी वापसी नहीं कर सकीं और मुकाबला हार गईं। पुरुषों के 70 किग्रा वर्ग में सुमित को भी दुर्भाग्यपूर्ण हार का सामना करना पड़ा। प्री-क्वार्टर फाइनल में इराक के अल सारे अली के खिलाफ मुकाबले के दौरान सुमित के घुटने में चोट लग गई। हरियाणा के 23 वर्षीय सुमित शुरुआती दो दौर में बढ़त बनाए हुए थे। तीसरे दौर में प्रतिद्वंद्वी के मुक्के से बचने के प्रयास के दौरान उन्हें चोट लगी और वह रिंग में गिर गए। चोट के कारण वह मुकाबला जारी नहीं रख सके। इसके बाद रैफरी ने मुकाबला रोक दिया और उनके प्रतिद्वंद्वी को विजेता घोषित किया गया। सुमित ने इससे पहले अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिनसिरी को 5-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया था।






