Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaआई.आई.टी.एफ.-2026 में दिखेगा हरियाणा के उत्पादों का दम

आई.आई.टी.एफ.-2026 में दिखेगा हरियाणा के उत्पादों का दम

हरियाणा , 24 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के स्थानीय उत्पादों, एम.एस.एम.ई. और कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ‘भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026’ में राज्य की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करेगी। आगामी 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित व्यापार मेले में राज्य के एमएसएमई, कारीगरों और हरियाणा में निर्मित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। मेले में छोटे उद्योगों और कारीगरों को रियायती दरों पर स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और मार्केटिंग कर सकें तथा देशभर के खरीदारों तक सीधे पहुंच बना सकें।

राज्य की भागीदारी से जुड़ी तैयारियों को लेकर आज यहां मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई टीएफएएच की गवर्निंग बॉडी की 37वीं बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि ‘विकास और विरासत’ थीम पर आयोजित होने वाले इस मेले के माध्यम से हरियाणा के एमएसएमई और कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार और नए खरीदारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाने वाले स्टॉल से छोटे उद्योगों और कारीगरों को देश के प्रमुख व्यापारिक मंचों पर अपने उत्पादों की पहचान बनाने, ग्राहकों से सीधे जुड़ने और नए कारोबारी संपर्क विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे राज्य में निर्मित उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।

आईआईटीएफ के दौरान 22 नवंबर को भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में ‘हरियाणा राज्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य की औद्योगिक क्षमता, उद्यमिता, हस्तशिल्प तथा स्थानीय उत्पादों की विविधता और विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण के 4.14 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी गई। इस बजट के माध्यम से प्राधिकरण की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ देश के प्रमुख व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में हरियाणा की भागीदारी को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।

आईआईटीएफ-2026 के बाद भी राज्य सरकार हरियाणा के उत्पादों और उद्योगों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में भागीदारी जारी रखेगी। आगामी 9 से 11 दिसंबर तक मुंबई में आयोजित होने वाले ‘अन्नपूर्णा इंटर फूड-2026’ में राज्य की भागीदारी तय है। इसका आयोजन फिक्की (FICCI) और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से किया जाएगा।

इसी कड़ी में जनवरी 2027 में गुवाहाटी में आयोजित होने वाले ‘ईस्ट हिमालयन एक्सपो’ में भी राज्य की भागीदारी तय है। यह भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित बहु-उत्पाद प्रदर्शनी है। इसके बाद मार्च 2027 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘आहार इंटरनेशनल फेयर-2027’ में भी हरियाणा की भागीदारी प्रस्तावित है।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण के प्रशासक श्री विनय प्रताप सिंह और वित्त विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री मनोज खत्री भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments