पटियाला, 25 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पटियाला जिला प्रशासन द्वारा डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाया गया तीन महीने का पहला “पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। चयनित इंटर्नों को “इंटर्नशिप कंप्लीशन सर्टिफिकेट” तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले समूहों को नकद पुरस्कार प्रदान करते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि इन विद्यार्थियों द्वारा हासिल किया गया प्रशासनिक अनुभव उनके करियर में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर ओ.एस.डी. शहरी विकास मुकिलन आर. भी उपस्थित रहे।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक कामकाज, सरकारी नीतियों के निर्माण तथा जमीनी स्तर पर जनसेवा के अनुभव से परिचित करवाना था। कार्यक्रम के दौरान चयनित 49 इंटर्नों ने 17 विभिन्न प्रशासनिक विभागों में रहकर सुचारू ढंग से कार्य किया। इंटर्नों द्वारा तैयार की गई परियोजना रिपोर्टों के आधार पर आयोजित अंतिम प्रस्तुति के बाद सर्वश्रेष्ठ तीन इंटर्न/समूहों का चयन किया गया। इन्हें रेड क्रॉस सोसाइटी, पटियाला द्वारा प्रदान किए गए कुल 31,000 रुपये के नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

डिप्टी कमिश्नर ने सभी इंटर्नों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वे इस अवधि के दौरान हासिल किए गए ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग समाज की बेहतरी के लिए करेंगे।
इसके साथ ही डिप्टी कमिश्नर ने पूरे कार्यक्रम को तीन महीने तक सुचारू रूप से संचालित करने और बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो (डीबीईई), पटियाला की टीम—डिप्टी डायरेक्टर रविंदर पाल सिंह, डिप्टी सी.ई.ओ. सतिंदर सिंह तथा करियर काउंसलर डॉ. रूपसी पाहूजा—की विशेष रूप से सराहना की।






