किंशासा, 25 सितंबर 2026 (शहीद-ए-आजम ब्यूरो): अफ्रीका की तांगानिका झील में तंजानिया से कांगो जा रही एक नाव पलटने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, नाव में करीब 100 यात्री और सामान सवार था। हादसे के बाद 49 लोगों को बचा लिया गया, जबकि लापता यात्रियों की तलाश जारी है।
नाव तंजानिया के किगोमा बंदरगाह से कांगो के कलेमी शहर की ओर जा रही थी और मापेरा गांव के पास पलट गई। एक जीवित बचे यात्री के अनुसार, रात करीब 1 बजे यात्रियों को पता चला कि नाव एक तरफ झुक रही है। हादसे के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है। कांगो में जलमार्गों पर परिवहन का महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन पिछले वर्षों में नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण कई हादसे हो चुके हैं।






