पटियाला, 25 सितंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पटियाला में करीब 17 वर्षीय 12वीं कक्षा के छात्र की भाखड़ा नहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छात्र के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। गोताखोरों की मदद से छात्र का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्र को एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था और पैसों के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मृतक के पिता के अनुसार, उनके बेटे ने इस संबंध में परिवार को बताया था। उन्होंने यह जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल और एक शिक्षिका को भी दी थी।
बख्शीवाला थाने के एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई परिवार के बयानों और जांच के नतीजों के आधार पर की जाएगी। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।






