मोकोकचुंग, 26 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): नगालैंड में संदिग्ध नकली शराब के सेवन से पिछले दो दिनों में कम से कम 19 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अवैध शराब की आपूर्ति और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
पुलिस के अनुसार, मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने बताया कि मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है।
मृतकों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए संबंधित नमूने फॉरेंसिक जांच हेतु गुवाहाटी भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, लेकिन फिलहाल उनके बारे में जानकारी साझा करना जल्दबाजी होगी।
घटना के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया है और करीब 3,000 बोतल शराब बरामद की गई है। गौरतलब है कि नगालैंड में वर्ष 1990 से पूर्ण शराबबंदी लागू है।
पुलिस ने लोगों से बिना लेबल, बिना पहचान वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शराब पीने के बाद चक्कर, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण नजर आएं तो तत्काल चिकित्सा सहायता ली जाए।






