Monday, September 28, 2026
HomePatialaस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने ‘खेलां वतन पंजाब दियां-4’ के तहत...

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने ‘खेलां वतन पंजाब दियां-4’ के तहत जिला स्तरीय खेलों का करवाया शुभारंभ

पटियाला, 27 सितंबर, 2026 (हर्षप्रीत कौर): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज ‘खेलां वतन पंजाब दियां-4’ के तहत पटियाला में आयोजित की जा रही जिला स्तरीय खेलों का शुभारंभ किया। कुल 29 खेलों के मुकाबले 27 से 30 सितंबर तक पहले चरण तथा 1 से 4 अक्टूबर तक दूसरे चरण में करवाए जा रहे हैं। इन खेल मुकाबलों में 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बड़ी संख्या में खिलाड़ी पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग ले रहे हैं। आज 15 खेलों के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री के साथ नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, स्पोर्ट्स वेलफेयर ब्लॉक पटियाला के चेयरमैन नीलकांत, भगवान दास जुनेजा और परमिंदर पहलवान भी मौजूद रहे।

यहां पोलो ग्राउंड में खेलों का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए शुरू किया गया ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ एक सफल पहल के रूप में उभरा है।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति प्रदेश की महत्वपूर्ण ताकत है और सरकार द्वारा युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेलों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

जिला खेल अधिकारी पटियाला द्वारा जिला स्तरीय खेलों की शुरुआत के दौरान पहले दिन एथलेटिक्स, कबड्डी सर्कल स्टाइल, वॉलीबॉल शूटिंग, हैंडबॉल, गतका, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, तैराकी, रोलर स्केटिंग, शतरंज, तीरंदाजी, किक बॉक्सिंग और टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले विभिन्न आयु वर्गों और अलग-अलग स्थानों पर करवाए गए।

इन खेलों के बारे में जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल ने बताया कि कबड्डी सर्कल स्टाइल अंडर-14 लड़कों के मुकाबले में पातड़ां की टीम ने पहला और समाना की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस पुरुष 61-70 आयु वर्ग में इंद्रजीत सिंह ने पहला, अमरजोत सिंह ने दूसरा तथा अमरजीत सिंह और बलबीर गुप्ता ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला 51-60 आयु वर्ग में ममता पाथे ने पहला और शभरीका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला 41-50 आयु वर्ग में सुमन ने पहला और आरती ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार वरिष्ठ लड़कियों के 21-30 आयु वर्ग में कुमारी नेहा ने पहला, दीक्षा ने दूसरा तथा नेहा और लवप्रीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

डीएसओ ने आगे बताया कि एथलेटिक्स की 3000 मीटर अंडर-17 लड़कों की दौड़ में प्रियाशु ने पहला, श्रीकांत ने दूसरा और गुरदीप सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर अंडर-14 लड़कियों में अंशिका ने पहला, शगुनप्रीत कौर ने दूसरा और अंशुल ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर अंडर-17 लड़कियों में अरुही ने पहला, माही ने दूसरा और सुखप्रीत कौर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल शूटिंग अंडर-17 लड़कों में समाना की टीम ने नाभा की टीम को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की, जबकि पातड़ां की टीम ने पटियाला की टीम को 2-0 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इसके अलावा हैंडबॉल अंडर-14 लड़कों के मुकाबलों में पोलो ग्राउंड की टीम ने भुनरहेड़ी-बी की टीम, सनौर की टीम ने राजपुरा की टीम तथा बारन की टीम ने सनौर-बी की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। तैराकी के अंडर-14 लड़कियों के 100 मीटर फ्री स्टाइल मुकाबले में हरसिमरत कौर ने पहला, एकमजोत ने दूसरा और एशलीन कौर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 लड़कों के 50 मीटर बैक स्ट्रोक में युवराज सिंह ने पहला, नवनूर सिंह ने दूसरा और गुरनूर सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments