नई दिल्ली, 28 सितंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): बैंक कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के बाद सोमवार को बैंकों में सामान्य कामकाज जारी रहेगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने भारतीय बैंक संघ (IBA) की ओर से मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया।
यूएफबीयू की ओर से पहले 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया था। यूनियनों की प्रमुख मांगों में बैंकों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना और सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करना शामिल है।
यूएफबीयू के बयान के अनुसार, बाकी शनिवारों को अवकाश देने के मुद्दे पर विचार करने के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। यह समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के साथ-साथ सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान तलाशने का प्रयास करेगी।
फिलहाल बैंकों में रविवार के अलावा प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। यूनियनों की ओर से बाकी शनिवारों को भी अवकाश देने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
इसके अलावा, श्रेणी-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI) के संबंध में भी आईबीए के साथ बातचीत करने पर सहमति बनी है। यूनियनों और संगठनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने पर भी विचार किया जा सकता है।
8 मार्च 2024 के कार्यवाही विवरण में दर्ज लंबित मुद्दों को भी दोनों पक्ष जल्द हल करने के लिए बातचीत करेंगे।
हड़ताल के संभावित प्रभाव को देखते हुए ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए रविवार को सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुला रखा गया था।






