फुटबॉल में सुनाम-ए की टीम ने सुनाम-बी को 3 अंकों से हराकर फाइनल में बनाई जगह
संगरूर, 29 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): खेल विभाग पंजाब द्वारा खेलां वतन पंजाब दियां (सीजन-04)-2026 के तहत ब्लॉक स्तरीय खेलों के बाद अब जिला स्तरीय खेलों के अंतर्गत कुल 39 अलग-अलग खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन जिला स्तरीय खेलों के दौरान फुटबॉल, शतरंज, तीरंदाजी और लॉन टेनिस (लड़के/लड़कियां) के मुकाबलों का आज आगाज किया गया।
इस विशेष अवसर पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन श्री गुरमेल सिंह घराचों ने शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता अग्रवाल धर्मशाला, सुनामी गेट, बड़ा चौक के नजदीक, संगरूर में आयोजित की जा रही है। तीरंदाजी प्रतियोगिता जी.सी.एम. कॉन्वेंट स्कूल, दिड़बा में तथा फुटबॉल प्रतियोगिता अकाल कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, श्री मस्तुआना साहिब में आयोजित की जा रही है।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें खेल भावना से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलां वतन पंजाब दियां के माध्यम से गांवों और शहरों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है। इन खेलों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना भी है।

जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
फुटबॉल प्रतियोगिता: अंडर-14 (लड़कियों) के सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान सुनाम-ए की टीम ने सुनाम-बी की टीम को 3 अंकों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, अंडर-17 (लड़कियों) के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सुनाम-ए की टीम ने अनदाणा की टीम को हराकर फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया।






