पटियाला, 30 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जिला पटियाला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनरों के दूसरे बैच की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यशाला नगर निगम कार्यालय में डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल सेंसस अधिकारी, पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल और नगर निगम कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई।
सेंसस नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास)-कम-जिला सेंसस अधिकारी दमनजीत सिंह मान ने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में 72 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। इनमें 58 डिप्टी कमिश्नर और 14 नगर निगम कमिश्नर द्वारा तैनात किए गए हैं। प्रशिक्षण के लिए इन्हें 36-36 के दो बैचों में विभाजित किया गया है। दूसरे बैच का प्रशिक्षण 28 से 30 सितंबर तक आयोजित किया गया।
मास्टर ट्रेनरों निशू शर्मा (सीनियर सिस्टम एनालिस्ट, पंजाबी यूनिवर्सिटी), दौलत राम (लेक्चरर, पीएम श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घनौर) और अमन कुमार (जिला कोऑर्डिनेटर, सेंसस ऑपरेशन विभाग, पंजाब, चंडीगढ़) ने फील्ड ट्रेनरों को जनसंख्या गणना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देने के साथ प्रैक्टिकल डेमो और फील्ड अभ्यास करवाया। ये ट्रेनर अब तहसील और चार्ज स्तर पर सुपरवाइजरों तथा गणनाकारों (इन्यूमरेटरों) को प्रशिक्षण देंगे।
जनगणना का दूसरा मुख्य चरण 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान सरकारी गणनाकार घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग देने की अपील की है। कार्यशाला में उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार जसविंदर कौर, सुपरिंटेंडेंट विशाल स्याल, सेंसस सेल टीम के नरेंद्र कुमार, इन्वेस्टिगेटर बिक्रमजीत सिंह, कुलइंदरजीत सिंह और हेमंत कुमार सहित सभी फील्ड ट्रेनरों ने भाग लिया।






