संगरूर, 30 सितंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): खेल विभाग पंजाब द्वारा आयोजित खेलां वतन पंजाब दियां (सीजन-4)-2026 के तहत जिला स्तरीय खेलों के दूसरे दिन जिला परिषद संगरूर के चेयरमैन रछपाल सिंह ने खेल शतरंज के आयोजन स्थल अग्रवाल धर्मशाला में शिरकत की और खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया।
आज तैराकी के मुकाबले वार हीरोज स्टेडियम, संगरूर तथा क्रिकेट के मुकाबले जनरल गुरनाम सिंह पब्लिक स्कूल में शुरू हुए। तैराकी के आयोजन स्थल वार हीरोज स्टेडियम के स्विमिंग पूल में सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी श्री करम सिंह ने शिरकत की। वहीं क्रिकेट के आयोजन स्थल जनरल गुरनाम सिंह पब्लिक स्कूल, संगरूर में सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी श्री योगराज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इसी के साथ जिला स्तरीय खेलों के दूसरे दिन फुटबॉल के मुकाबले अकाल अकादमी मस्तुआना साहिब में आयोजित किए गए। इस अवसर पर सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी संगरूर श्री कौशल कुमार ने शिरकत की और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया।
इसके अलावा तीरंदाजी के मुकाबले भी जी.सी.एम. कॉन्वेंट स्कूल, दिड़बा में जारी हैं।
खेल विभाग द्वारा आयोजित इन जिला स्तरीय मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।






