मुंबई, 3 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई गंभीर घटना के बाद बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ की है। सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें मच्छार के साथ उड़ान भरकर खुशी होगी।
सलमान खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं। आपके साथ उड़ान भरना खुशी की बात होगी। वेल डन ब्रो।”
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कैप्टन मच्छार पर उनके को-पायलट द्वारा कथित तौर पर हमला किया गया था। गंभीर चोटों के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित रूप से डायवर्ट किया गया।
घटना के बाद मच्छार की बहादुरी की कई हस्तियों और नेताओं ने सराहना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अस्पताल से उनसे बातचीत कर उनके साहस और सूझबूझ की प्रशंसा की थी।
सलमान खान की प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब कैप्टन मच्छार की भूमिका और विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की घटनाक्रम को लेकर दुनिया भर में चर्चा हो रही है।





