पंजाब, 3 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के विभिन्न शहरों में बिजली के बुनियादी ढांचे की मरम्मत और रखरखाव के कार्य के चलते आज कई इलाकों में कुछ घंटों के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से पहले ही प्रभावित क्षेत्रों और बिजली बंद रहने के समय की जानकारी जारी की गई है।
कपूरथला: कपूरथला के अर्बन सब-डिवीजन नंबर-1 के तहत 11 केवी कोटू चक्क फीडर को आवश्यक रखरखाव के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान केसरी बाग, मोहल्ला शहरीयां, महताबगढ़, मोहल्ला रायका, मोहल्ला डॉ. सदीक अली, टोपखाना, सिटी थाना, मोहल्ला शेरगढ़ और मार्कफेड कार्यालय सहित कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
श्री मुक्तसर साहिब: 66 केवी लाइन के आवश्यक रखरखाव और नए फीडर के ब्रेकर की स्थापना से संबंधित कार्य के चलते मलोट रोड स्थित 66 केवी सब-स्टेशन से चलने वाले 11 केवी फीडरों की बिजली आपूर्ति सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। इसके कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
फिरोजपुर: फिरोजपुर कैंट सब-डिवीजन नंबर-2 के तहत नामदेव चौक फीडर की मरम्मत के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके कारण मालवा रोड, आजाद नगर, बाबा राम लाल नगर और न्यू आजाद नगर सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
बिजली विभाग की ओर से किए जा रहे ये कार्य बिजली प्रणाली के रखरखाव और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए किए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को निर्धारित समय के दौरान बिजली से संबंधित आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने की सलाह दी गई है।





