Sunday, October 11, 2026
HomePatialaश्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर...

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर बहादुरगढ़ में आयोजित हुआ स्मृति कार्यक्रम

पटियाला, 3 अक्टूबर 2026, (छत्रपाल सिंह): संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, पटियाला द्वारा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), श्री अमृतसर के सहयोग से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 3 एवं 4 अक्टूबर, 2026 को ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं, बहादुरगढ़, पटियाला में स्मृति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 3 अक्टूबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं एवं विरासत पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुल्किलान आर., आईएएस, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी मामले), उपायुक्त, पटियाला द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, बलिदान, शिक्षाओं एवं योगदान को प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर, 2026 तक आम जनता एवं श्रद्धालुओं के लिए खुली रहेगी।
प्रथम दिवस श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं एवं विरासत विषय पर एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। पंजाब एवं हरियाणा के प्रतिष्ठित विद्वानों, जिनमें डॉ. दिलवर सिंह, श्री फतेहगढ़ साहिब; डॉ. परमवीर सिंह, पटियाला; डॉ. सतिंदर सिंह, श्री मंजी साहिब कोटा, लुधियाना; डॉ. हरदेव सिंह, श्री फतेहगढ़ साहिब; तथा डॉ. गुरसिमरन कौर, अंबाला ने संगोष्ठी में भाग लेकर श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, दर्शन, शहादत एवं सार्वभौमिक संदेश पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से मानवीय गरिमा, धार्मिक स्वतंत्रता, सहिष्णुता, करुणा तथा अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के उनके संदेश को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में मलेरकोटला के ज्ञानी नवरंग सिंह झल्ली एवं समूह द्वारा ढाडी गायन भी प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, बलिदान एवं आध्यात्मिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रथम दिवस के कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, आम जनता, सांस्कृतिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें संत ईशर सिंह गुरमत अकादमी, चपड़ ; जसदेव सिंह संधू कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कौली; श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज फॉर गर्ल्स, आकर, श्री निम साहिब; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहादुरगढ़, पटियाला; तथा सुशीला देवी पब्लिक स्कूल, धरेड़ी जट्टां, पटियाला के विद्यार्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी, श्री जस्मैल सिंह लच्छरू, सदस्य, एसजीपीसी, श्री अमृतसर, तथा श्री राजेश पंजोला, ब्यूरो चीफ, जगबाणी एवं पंजाब केसरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन 4 अक्टूबर, 2026 को भी जारी रहेगा। दूसरे दिन भाई सिमरनजीत सिंह जी, हजूरी रागी, श्री दरबार साहिब, तथा भाई गुरसेवक सिंह जी, हजूरी रागी, गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं, बहादुरगढ़ द्वारा गुरबाणी गायन प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके इलवा ज्ञानी सरबजीत सिंह आलमगीर जी द्वारा कथा वाचन भी किया जाएगा, जिसमें वे श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं एवं आध्यात्मिक संदेश पर प्रकाश डालेंगे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments