Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaचिरायु आयुष्मान भारत योजना का विस्तार

चिरायु आयुष्मान भारत योजना का विस्तार

हरियाणा के हर परिवार को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा – स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

हरियाणा , 6 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराते हुए चिरायु आयुष्मान भारत योजना के व्यापक विस्तार की घोषणा की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की इस बड़ी पहल के तहत अब 1.80 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी मामूली वार्षिक प्रीमियम देकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकेंगे। योजना के तहत पात्रता परिवार पहचान पत्र में दर्ज सत्यापित वार्षिक आय के आधार पर निर्धारित की जाएगी। पात्र परिवारों को प्रदेश के सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

आरती सिंह राव ने बताया कि योजना को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए आय वर्ग के अनुसार प्रीमियम की दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत 1.80 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए 1,500 रुपये प्रति वर्ष, 3 लाख से 6 लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए 4,000 रुपये प्रति वर्ष और 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए 5,000 रुपये प्रति वर्ष का प्रीमियम निर्धारित किया गया है।

योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन और भुगतान गेटवे पोर्टल 30 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा, जबकि नई पॉलिसी की अवधि 1 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2027 तक प्रभावी रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण (AB-HHPA) के माध्यम से प्रदेशभर के 1,307 सूचीबद्ध अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और चिरायु योजना के तहत अब तक 40,27,391 लाभार्थियों को सफलतापूर्वक उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है।

इसके अलावा, 1.80 लाख रुपये से 3 लाख रुपये आय वर्ग में अब तक 47,547 परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिल चुका है। सरकार द्वारा अब तक कुल 4,617.45 करोड़ रुपये के दावों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है। वहीं पूरे प्रदेश में 1.42 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और चिरायु कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments