Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaसेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा की सभी तैयारियां पूरी:उपायुक्त...

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा की सभी तैयारियां पूरी:उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र, 6 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। थीम पार्क कुरुक्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इसके उपरांत थीम पार्क से छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब, रेलवे रोड से होते हुए रुद्रा चौक तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। इस सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। उनके साथ जिला प्रशासन और संगठन के कई वरिष्ठ नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, सीएआरडीबी के चेयरमैन सुभाष कलसाना, एचएलआरडीसी के चेयरमैन गुरनाम सैनी, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, 48 कोस तीर्थ विकास कार्यों की निगरानी समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सांगवान, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, कुरुक्षेत्र जिले के सभी नगर परिषद/नगर पालिका के चेयरमैन, समस्त पंचायत समितियों के चेयरमैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल थीम पार्क कुरुक्षेत्र में सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, वर्चुअल कनेक्टिविटी, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। पुलिस विभाग द्वारा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। पार्किंग के लिए अलग से स्थान चिन्हित किए गए है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, स्वयंसेवी संगठन, एनजीओ, विद्यार्थी, महिला मंडल, किसान और आम नागरिक भाग लेंगे। सेवा ज्योति यात्रा के तहत चलाई जा रही विभिन्न सेवा गतिविधियों जैसे स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशा मुक्ति, रक्तदान शिविर और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यक्रम के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग को फायर टेंडर, बिजली निगम को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनस्वास्थ्य विभाग को पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे 7 अक्टूबर को सुबह 9.15 बजे थीम पार्क कुरुक्षेत्र में आयोजित इस सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और विकसित भारत के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments