Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaसिंगापुर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब और हरियाणा मूल के...

सिंगापुर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब और हरियाणा मूल के उद्योगपतियों की अहम बैठक

हरियाणा देश के पसंदीदा निवेश केंद्रों में शामिल, उद्योगपतियों से निवेश का आह्वान

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान पंजाब और हरियाणा मूल के प्रमुख उद्योगपतियों तथा व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमिता के बल पर भारतीय समुदाय देश का गौरव बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि सिंगापुर जैसे आधुनिक और विश्व के प्रमुख व्यापारिक केंद्र में भारत का परचम लहराने वाले प्रवासी भारतीयों की मेहनत पर पूरे देश को गर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रवासी भारतीयों द्वारा हासिल किया गया अनुभव और विशेषज्ञता भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने उद्योगपतियों से हरियाणा में उपलब्ध निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिंगापुर ने सीमित भौगोलिक क्षेत्र और संसाधनों के बावजूद दूरदर्शी आर्थिक नीतियों, बेहतर बुनियादी ढांचे, सुशासन और कानून-व्यवस्था के बल पर खुद को विश्व के प्रमुख व्यापारिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा भी निवेशकों को बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा, सुशासन और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और आज देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश में निवेश, बुनियादी ढांचे, रोजगार और उद्यमिता के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही इच्छा को पूरा किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार ने सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उन्हें सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का कार्य किया है।

हरियाणा में निवेश के लिए अनुकूल माहौल

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, मजबूत सड़क एवं रेल संपर्क, कुशल मानव संसाधन, बेहतर औद्योगिक बुनियादी ढांचा और निवेशक-अनुकूल नीतियां हरियाणा को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाती हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि उद्योगों को कारोबार के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जाए और निवेशकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उद्योगपतियों से हरियाणा में मौजूद निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने ‘संत कबीर कुटीर’ आने का दिया न्योता

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर में मौजूद पंजाब और हरियाणा मूल के सभी उद्योगपतियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों को हरियाणा आने का गर्मजोशी से निमंत्रण दिया।

उन्होंने उन्हें चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संत कबीर कुटीर’ आने का भी न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रवासी भारतीयों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों की विशेषज्ञता, अनुभव और निवेश प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार का प्रयास है कि विदेशों में बसे हरियाणा और पंजाब मूल के उद्यमियों को प्रदेश में निवेश के लिए आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments