कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। राजकीय मिडल स्कूल कलाल माजरा के 19 विद्यार्थियों को आयुष ग्राम कलाल माजरा स्थित औषधीय वाटिका का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान डॉ. संतोष ने विद्यार्थियों को वाटिका में उपलब्ध विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान करवाते हुए उनके दैनिक जीवन में औषधीय उपयोग, महत्व एवं देखभाल के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर फार्मासिस्ट धर्मबीर एवं पीटी अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।
आयुष विंग, एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में संजीवनी योग कार्यक्रम के अंतर्गत योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 9 मरीजों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को नियमित योग एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लाडवा वृद्धाश्रम में योग मेगा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें वृद्धाश्रम के वृद्धजनों सहित शहर के लगभग 41 लोगों ने भाग लिया। आयुष योग सहायक कमल किशोर ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं व्यायामशाला खरिंडवा में ग्राम सरपंच रामेश्वर दास मुख्य अतिथि के समक्ष योग गतिविधि आयोजित की गई। आयुष सहायक दविंदर कुमार के मार्गदर्शन में 15 साधकों ने योगाभ्यास किया। सीएचसी शाहाबाद में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 56 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में डॉ. अंजू एवं डॉ. कीर्ति एसएमओ सीएचसी शाहाबाद मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। डॉ. अश्मी वर्मा एचएमओ, फार्मासिस्ट अरुण कुमार तथा योग सहायक कर्मवीर ने अपनी सेवाएं प्रदान की।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलाबाद में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस शिविर में कुल 105 लोगों ने अपने आप को लाभान्वित किया ।इस कैंप को सफल बनाने में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृत कौर, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट पंकज शर्मा और योग सहायक दीपक रीमल ने अपनी सराहनीय सेवाएं दीं और मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक जीवन शैली को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। औषधीय पौधों की जानकारी और नियमित योग जैसी गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





