पंचकूला, 08 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): सेक्टर-15 के पास एक कार पर बिना अनुमति लाल-नीली बत्ती लगी होने का मामला सामने आया। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने सेक्टर-14 मार्केट की ओर जाते समय इस कार को देखा। कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी और उसमें दो युवक सवार थे।
डीसीपी ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे रिहायशी इलाकों की ओर भगाना शुरू कर दिया। इसके बाद डीसीपी ने करीब पांच किलोमीटर तक कार का पीछा किया और उसे रोक लिया।
मौके पर सिटी ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के प्रभारी को बुलाकर वाहन की जांच कराई गई। जांच के दौरान यातायात नियमों के कई उल्लंघन पाए गए। पुलिस ने विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कुल 30 हजार रुपये का चालान किया।
कार को पुलिस ने जब्त कर सेक्टर-14 पुलिस स्टेशन में खड़ा करा दिया है। मामले में वाहन पर लगी लाल-नीली बत्ती और अस्थायी नंबर प्लेट के इस्तेमाल को लेकर भी कार्रवाई की गई है।





