Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaसरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों को जादू शो के माध्यम से नागरिकों...

सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों को जादू शो के माध्यम से नागरिकों तक पहुंचा रही है सरकार:सुभाष सुधा

कुरुक्षेत्र, 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के लोगों को सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा अमृतकाल जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जादू जैसी रोचक कला के माध्यम से लोगों को जागरूक करना एक बहुत ही सराहनीय और प्रभावी पहल है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा वीरवार को कला कीर्ति भवन कुरुक्षेत्र के भरतमुनि रंगशाला में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के सौजन्य से अमृतकाल जागरूकता अभियान के अंतर्गत कुरुक्षेत्र में आयोजित विश्व विख्यात जादूगर सम्राट शंकर के जादू शो में बोल रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि जादूगर सम्राट शंकर देश के जाने-माने जादूगर हैं और वे अपने जादू के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ समाज को नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साइबर अपराध से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। यह जादू शो 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान रोजाना दो शो आयोजित किए जाएंगे। पहला शो दोपहर 1 बजे और दूसरा शो सायं 7 बजे होगा। सभी शो में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। यह शो आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अमृत काल जागरूकता अभियान के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित इस शो को देखने अवश्य आएं, क्योंकि यह शो मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक भी है और इसमें प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क रखा गया है।


दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया जादूगर का जादू
जादूगर सम्राट शंकर और उनकी टीम ने अपनी जादू की कला का शानदार प्रदर्शन किया। हाथों की सफाई, गायब होने वाले करतब, हवा में वस्तुओं को उड़ाना, और एक बॉक्स से दूसरे बॉक्स में जादुई तरीके से पहुंचना जैसे हैरतअंगेज कारनामों ने दर्शकों को खूब तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। बच्चों में इस शो को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जादूगर ने एक जादू के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है और किस प्रकार स्वच्छता अपनाकर हम अपने जीवन को स्वस्थ बना सकते हैं। इस अवसर पर चेयरमैन रविंद्र सांगवान, सुपरिटेंडेंट हाकम सैनी, एआईपीआरओ केदार शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments